*अमर अग्रवाल ने फेसबुक लाइव कार्यक्रम ‘संवाद’ के माध्यम से देश, प्रदेश और बिलासपुर के विकास पर रखा स्पष्ट विज़न*
बिलासपुर, छत्तीसगढ़ |
बिलासपुर के नगर विधायक अमर अग्रवाल ने आज ‘संवाद’ फेसबुक लाइव कार्यक्रम के माध्यम से देश, छत्तीसगढ़ एवं बिलासपुर के समग्र विकास को लेकर अपने विचार साझा किए। इस लाइव संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने ऑनलाइन सहभागिता की।
नगर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि आज से लगभग 30–35 वर्ष पहले यह कहा जाता था कि 21वीं सदी भारत की होगी, और आज भारत की प्रगति को देखकर यह कथन पूरी तरह साकार होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश ने विकास की गति को नई दिशा दी है, जिसके परिणामस्वरूप आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।
उन्होंने कहा कि जान-माल की सुरक्षा किसी भी राष्ट्र की पहली प्राथमिकता होती है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व रूप से मजबूत हुई है। आज भारत एक सशक्त और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में खड़ा है और आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करता है। देश अब किसी भी चुनौती का दृढ़ता और निर्णायक रूप से सामना करने में सक्षम है।
सांस्कृतिक विरासत पर बोलते हुए अमर अग्रवाल ने कहा कि भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। कुंभ मेले के सफल आयोजन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं का सुव्यवस्थित और अनुशासित प्रबंधन पूरी दुनिया के लिए आश्चर्य और अध्ययन का विषय बना है। यह भारत की प्रशासनिक क्षमता और सांस्कृतिक चेतना को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि मजबूत अर्थव्यवस्था के बिना नागरिक सुविधाओं का विस्तार संभव नहीं है। देशभर में सड़कों के व्यापक नेटवर्क, डिजिटल कनेक्टिविटी, गाँव-गाँव इंटरनेट, स्वच्छ पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार तेज़ आर्थिक प्रगति का स्पष्ट प्रमाण है।
बिलासपुर के विकास को लेकर नगर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि शहर को शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक गतिविधियों और सांस्कृतिक दृष्टि से सशक्त बनाने के लिए दीर्घकालिक और समग्र योजना तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि बिलासपुर को शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही हवाई सेवा के विस्तार, भविष्य में बड़े एयरपोर्ट और नाइट लैंडिंग सुविधा से शहर को नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि केंद्रीय बजट को लेकर छत्तीसगढ़ की रूपरेखा तय हो चुकी है, जिसमें बिलासपुर के लिए भी कई महत्वपूर्ण योजनाएँ प्रस्तावित की जाएँगी। उन्होंने कहा कि बिलासपुर के अगले 20 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों की योजना बनाई जा रही है और आगामी बजट में इसके परिणाम स्पष्ट रूप से देखने को मिलेंगे।
छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद पर बोलते हुए नगर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि राज्य तेजी से नक्सलमुक्ति की ओर बढ़ रहा है, जो विकास के लिए अत्यंत सकारात्मक संकेत है। इससे निवेश, रोजगार और बुनियादी ढाँचे के विकास को और अधिक गति मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में नगर विधायक अमर अग्रवाल ने विश्वास व्यक्त किया कि 2047 तक भारत एक विकसित राष्ट्र बनेगा, छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊँचाइयों को छुएगा और बिलासपुर इस विकास यात्रा में अग्रणी भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन जनता के सहयोग, सहभागिता और विश्वास से ही संभव है।
=============
संवाद केंद्र
लाला भाभा
मोबाइल नं- 9827986130
कार्यालय श्री अमर अग्रवाल
राजेन्द्र नगर बिलासपुर
बिलासपुर (छ ग)
Social Plugin